40 C
Uttar Pradesh
Tuesday, May 12, 2026

गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड – दिंडोशी कोर्ट से फिल्म सिटी फ्लाईओवर मॉनसून से पहले खुलने को तैयार..

गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड – दिंडोशी कोर्ट से फिल्म सिटी फ्लाईओवर मॉनसून से पहले खुलने को तैयार..

     मुंबई, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड का एक अहम फेज पूरा होने वाला है। इसे मई के आखिर तक ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड पर 1.2 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण अब अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है। जो कि कई सालों से चल रहा था। सड़क का यह हिस्सा दिंडोशी कोर्ट से गोरेगांव में फिल्म सिटी तक फैला हुआ है। मुंबई बीएमसी का लक्ष्य है कि मॉनसून शुरू होने से पहले इस रास्ते का उद्घाटन कर दिया जाए। गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड कुल 12.2 किलोमीटर लंबा है। मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने के लिए डिजाइन किए गए इस कॉरिडोर में अंडरग्राउंड टनल, फ्लाईओवर और कई इंटरचेंज शामिल हैं। एक बार चालू हो जाने पर यह मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच सीधा संपर्क प्रदान करेगा। यह फ्लाईओवर प्रोजेक्ट का पहला चरण है। जो कि पश्चिमी उपनगरों में दिंडोशी कोर्ट के पास से शुरू होता है। यह फ्लाईओवर संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के पास खत्म होता है और वाहन चालकों को उन रास्तों की ओर ले जाता है जो पूर्वी उपनगरों से जुड़ते हैं। इस रास्ते के चालू होने से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक की भीड़ काफी कम होने की उम्मीद है। लिंक रोड पर ट्विन टनल का निर्माण 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद वाहन चालक सीधे फ्लाईओवर से टनल में जा सकेंगे। इससे यात्रा बहुत ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। इस फ्लाईओवर में छह लेन होंगी। इसके अलावा रास्ते के किनारे एक ऊंचा प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। इस पर एक ऊंचा रोटरी होगा। साथ ही फ्लाईओवर के दोनों ओर डेक स्लैब और पैदल चलने वालों के लिए रास्ते बनाए जा रहे हैं। फिलहाल इस फ्लाईओवर पर निर्माण कार्य अपने आखिरी चरण में है। रास्ते पर डामर बिछाने, पेंटिंग करने, ट्रैफिक सिग्नल लगाने और साइनबोर्ड लगाने जैसे काम अभी चल रहे हैं। उम्मीद है कि यह फ्लाईओवर मई के आखिर तक या जून के पहले सप्ताह में ट्रैफिक के लिए खुल जाएगा। अभी मुंबई में तीन मुख्य रास्ते उपलब्ध हैं: सांताक्रूज-चेम्बूर लिंक रोड अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड और जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड, हालांकि इन तीनों रास्तों पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसी वजह से गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड बनाने का फैसला लिया गया। इस प्रोजेक्ट पर कुल 14,000 रुपये करोड़ का खर्च आएगा। इस रकम में से 300 करोड़ रुपये सिर्फ पहले चरण में बनने वाले फ़्लाईओवर पर खर्च किए गए हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि 2028 तक यह पूरा रास्ता बनकर तैयार हो जाए।

      गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड पर काम चार मुख्य चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में दो फ़्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। एक गोरेगांव की तरफ और एक मुलुंड की तरफ। गोरेगांव की तरफ वाला फ़्लाईओवर 1.3 किमी लंबा है, जो दिंडोशी कोर्ट से फिल्म सिटी तक फैला हुआ है। मुलुंड की तरफ 1.9 किमी लंबा फ़्लाईओवर बनाया जा रहा है। जो तांसा पाइपलाइन से नाहुर तक फैला है। अगले चरण में संजय गांधी नेशनल पार्क के नीचे से गुजरने वाली दो ट्विन टनलों पर अभी काम चल रहा है। नाहुर में रेलवे पुल का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें