27.2 C
Uttar Pradesh
Wednesday, September 16, 2026

डेंटिस्ट की मौत से आक्रोश, शव सड़क पर रखकर किया रास्ता जाम?

डेंटिस्ट की मौत से आक्रोश, शव सड़क पर रखकर किया रास्ता जाम?

       प्रयागराज। सर्कुलर रोड पर शनिवार सुबह करीब आठ बजे दंत चिकित्सक राजकुमार उर्फ अभय कुमार का शव रखकर स्वजन ने रास्ताजाम कर दिया। हत्या कर शव को यमुना नदी में फेंकने का आरोप लगाया। आक्रोशित एक युवक ने बाइक में आग लगा दी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पानी फेंककर उसे बुझा दिया। हालांकि, तब तक बाइक काफी जल गई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बातचीत की, लेकिन स्वजन ने स्पष्ट कहा कि जब तक एफआइआर दर्ज नहीं होगी, वह नहीं हटेंगे। आननफानन में कैंट थाने में तीन को नामजद करते हुए छह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया, जब जाकर करीब साढ़े तीन घंटे बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क छोड़ी। कैंट के नेवादा राजापुर निवासी राजकुमार उर्फ अभय कुमार दंत चिकित्सक थे। 30 अप्रैल की शाम अचानक वह लापता हो गए थे। शुक्रवार सुबह उनकी लाश यमुना नदी में मिली थी। उसी समय घरवाले हत्या का आरोप लगा रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव घर लाया गया, लेकिन स्वजन ने अंतिम संस्कार नहीं किया। शनिवार सुबह स्वजन के साथ ही मुहल्ले के लोग सर्कुलर रोड पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर रास्ताजाम कर दिया। इसी बीच आक्रोशित एक युवक ने वहीं कुछ दूर पर खड़ी एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। मृतक की छोटी बहन आराधना ने कहा कि तीन भाई-बहनों में राजकुमार दूसरे नंबर पर थे। 30 अप्रैल की शाम किसी का फोन आया और फिर राजकुमार निकले तो वापस नहीं लौटे। उसी दिन रात को कैंट थाने में तहरीर दी गई। आरोप लगाया कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया।

       हमलावरों के खिलाफ उस समय मुकदमा दर्ज कराया गया था। उन्हीं हमलावरों ने इस बार भाई की हत्या कर शव को यमुना नदी में फेंक दिया। जब तक हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, तब तक रास्ताजाम चलेगा। कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके बाद डीसीपी नगर, एसीपी समेत कई अधिकारी पहुंचे। सिविल लाइंस, धूमनगंज, कर्नलगंज थाने की पुलिस को बुला लिया गया। अधिकारियों ने स्वजन से तहरीर ली और फिर सौरभ, सौरभ के बड़े भाई, शान के खिलाफ नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें