31.3 C
Uttar Pradesh
Wednesday, May 20, 2026

तंत्र मंत्र की आड़ में डबल मर्डर? गिरफ्तार हुआ ढोंगी बाबा..

तंत्र मंत्र की आड़ में डबल मर्डर? गिरफ्तार हुआ ढोंगी बाबा..

    मुंबई। महाराष्ट्र में ढोंगी बाबाओं के खौफनाक कारनामों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। धुले जिले में शनि अमावस्या के अवसर पर अपने आश्रम में तथाकथित रूप से कुछ अनुष्ठान करने के बाद ढोंगी बाबा ने यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर एक निजी फर्म की महिला कर्मचारी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में उसने महिला के पुरुष मित्र को भी मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद उसने दोनों शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। आरोपित ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान योगेश उर्फ भैया बापू खैरनार के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश फैल गया है। योगेश उर्फ भैया बापू खैरनार अपने आश्रम में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का ढोंग रचाया करता था। इसी अंधविश्वास के जाल में फंसकर जयश्री रजनीकांत काकुस्ते नामक महिला अपने एक पुरुष मित्र अक्षय गंगाधर सोनावणे के साथ उसके पास पहुंची थी। ढोंगी बाबा ने महिला को अपनी तांत्रिक शक्तियों के जाल में फंसाकर एकांत में विशेष तांत्रिक विधि करने की बात कहकर शनि अमावस्या की रात (शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि) अपने आश्रम में बुलाया था। तंत्र-मंत्र के दौरान ही जयश्री के मित्र अक्षय को उलटियां होने लगीं और उसकी तबीयत खराब होने लगी। आरोपित ने जयश्री से कहा कि वह अपनी मोटरसाइकिल से उसे घर छोड़ देगा। वह जयश्री को लेकर मोटरसाइकिल से निकला और एक सुनसान जगह देखकर उसने महिला का यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध जताने और सहायता के लिए शोर मचाने पर उसने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके शव को एक कपड़े से ढककर उस पर एक भारी पत्थर रख दिया और अपने आश्रम लौट आया।

     आश्रम में आकर ढोंगी बाबा ने महिला के मित्र अक्षय के सिर पर लोहे की राड से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी और उसका शव एक बैलगाड़ी पर लादकर पास ही एक नदी के पास ले जाकर फेंक आया। उसने शव पर बबूल की झाडि़यां रख दी थीं, ताकि शव दूर से दिखाई न दे। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों को रायपुर-बड़गांव रोड पर निजामपुर के पास एक महिला का शव पड़ा दिखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस को शव के पास से एक नारंगी कपड़ा मिला। इसी कपड़े को सूंघते हुए पुलिस बल का खोजी कुत्ता पुलिस टीम को योगेश उर्फ भैया बापू खैरनार के आश्रम तक ले गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर योगेश ने अपना अपराध कुबूल कर लिया है। पुलिस योगेश के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें