गंगा दशहरा मेला? दिल्ली-आगरा ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एंट्री बैन,
संभल। ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने जिलेभर में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 23 मई की सुबह आठ बजे से 26 मई की रात 12 बजे तक भारी वाहनों का संचालन विभिन्न मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा, जबकि 24 मई की शाम छह बजे से हल्के वाहनों के लिए भी रूट डायवर्ट किया जाएगा दिल्ली, बरेली, बदायूं, अलीगढ़ और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। जिले में गंगा दशहरा मेले के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने डायवर्जन योजना तैयार की है। जिसमें 23 मई की सुबह आठ बजे से 26 मई की रात 12 बजे तक रोडवेज बस, ट्रक, कैंटर, ट्रैक्टर-ट्राली समेत सभी भारी मालवाहक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं 24 मई की शाम छह बजे से 26 मई की रात 12 बजे तक जीप, कार, पिकअप और छोटा हाथी जैसे हल्के वाहनों का भी रूट डायवर्ट रहेगा। मुरादाबाद से संभल होकर दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चौधरी सराय चौकी से खिरनी कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
इस्लामनगर रोड से बहजोई होकर दिल्ली और अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन इस्लामनगर चौराहा, धनारी, इंदिरा चौक बबराला, नेहरू चौक गुन्नौर और नरोरा पुल के रास्ते भेजे जाएंगे। चौधरी सराय चौराहे संभल से सैदनगली, हसनपुर और गजरौला मार्ग पर किसी भी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसके अलावा केसरपुर तिराहा से टी प्वाइंट चौकी अनूपशहर की ओर तथा इंदिरा चौक से जिजौंडा टांडा मार्ग की ओर भी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। 24 मई की दोपहर 12 बजे से 26 मई की रात 12 बजे तक अनूपशहर और बुलंदशहर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

