इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, APHO ने की हाई लेवल बैठक?
नई दिल्ली, दुनिया भर में पैर पसार रहे इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए भारत सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सख्त निर्देशों के बाद इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा और जांच के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत अब अफ्रीकन देशों से आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी गई है। कोई भी यात्री बिना जांच के बाहर न निकल सके, इसके लिए एयरपोर्ट के अराइवल टर्मिनल पर विशेष बैरियर लगाकर लाइनों को व्यवस्थित किया गया है। खतरे से निपटने और तैयारियों की समीक्षा के लिए हवाई अड्डा स्वास्थ्य संगठन की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक बुलाई गई। इस बैठक में दिल्ली इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, सीआईएसएफ, ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन, कस्टम विभाग, सभी एयरलाइंस और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
जांच के दौरान जिन यात्रियों में इबोला वायरस के लक्षण या अधिक खतरा दिखाई देगा, उन्हें सामान्य यात्रियों से अलग रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए है। ऐसे संदिग्ध मरीजों को सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट से बाहर निकालने और सीधे अस्पताल पहुंचाने के लिए एक अलग व विशेष रास्ता (आइसोलेटेड रूट) तय किया गया है। इसके साथ ही हवाई सफर करने वालों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी और जरूरी जानकारियां साझा की जा रही है। वही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के निर्देशो को भी सभी विमान कंपनियो के साथ शेयर कर दिया गया है।

