लखनऊ DM ने मनमानी फीस वसूली और किताब मामले में 8 स्कूलों पर लगाया जुर्माना?
लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में निजी स्कूलों के मनमाने रवैये पर अंकुश लगाने की नीति पर एक्शन शुरू हुआ है। सरकार ने पहले ही अभिभावकों को बच्चों की किताबें अपने स्तर पर खरीदने की छूट दी है। वहीं फीस को भी नियंत्रित किया गया है। इसके बाद भी मनमाने रवैये की शिकायत सामने आई। मनमानी फीस वसूली, एक ही दुकान से कॉपी-किताबें खरीदने का दबाव बनाने और शुल्क नियामक कानून की धज्जियां उड़ाए जाने की शिकायतों पर प्रशासन का एक्शन सामने आया है। लखनऊ जिला प्रशासन ने इस प्रकार की शिकायतों वाले निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। लखनऊ डीएम विशाख जी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक में जनपद के 08 प्रतिष्ठित स्कूलों के खिलाफ गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। डीएम ने इन सभी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 5-5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
शिकायतों में दोषी पाए गए राजधानी के आठ स्कूलों को 01 जून तक डीआईओएस कार्यालय में स्पष्टीकरण देना होगा। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि बैठक में डीएम के सामने पेश की गईं रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ जिले के कुल 20 स्कूलों के खिलाफ 28 शिकायतें दर्ज थीं। जांच में 08 स्कूलों के खिलाफ आरोप सही पाए गए।

