28.6 C
Uttar Pradesh
Thursday, September 17, 2026

भागलपुर के सुल्तानगंज में बाबा के भक्तों के लिए रेलवे का हाईटेक इंतजाम?

भागलपुर के सुल्तानगंज में बाबा के भक्तों के लिए रेलवे का हाईटेक इंतजाम?

    भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुल्तानगंज स्टेशन पर उमड़ने वाली लाखों कांरियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार रेलवे आधुनिक तकनीक का सहारा लेगा। स्टेशन पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को अचूक बनाने के लिए रेलवे इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करने जा रहा है। इस अभूतपूर्व सुरक्षा और यात्री सुविधा को लेकर शुक्रवार को मालदा डीआरएम (DRM) कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह महत्वपूर्ण बैठक मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में हुई, जिसकी अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) अमरेंद्र कुमार मौर्य ने की। बैठक में श्रावणी मेला के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए व्यापक और फुलप्रूफ कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक के दौरान एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि स्टेशन पर शिवभक्तों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने, प्लेटफॉर्म पर अचानक बढ़ने वाले दबाव को कम करने और ट्रेनों के निर्बाध परिचालन को लेकर कई अहम बिंदुओं पर मंथन किया गया है। रेलवे का मुख्य उद्देश्य यह है कि देश भर से आने वाले कांवरियों को सुल्तानगंज स्टेशन पर किसी भी तरह की असुविधा न हो। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस बार पूरे स्टेशन परिसर में एआई आधारित एडवांस निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। ये हाईटेक कैमरे भीड़ की स्थिति और घनत्व पर लगातार नजर रखेंगे। अगर किसी भी हिस्से में भीड़ तय क्षमता से अधिक बढ़ेगी, तो एआई सिस्टम तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट कर देगा, ताकि समय रहते किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हादसे की आशंका को रोका जा सके।

    हाईटेक सुरक्षा के साथ-साथ स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, 24 घंटे स्वच्छता और त्वरित चिकित्सा सहायता को भी मजबूत करने का निर्णय लिया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कड़े निर्देश दिए हैं कि मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। इस बैठक में परिचालन, वाणिज्य, सुरक्षा (RPF), अभियांत्रिकी, विद्युत और चिकित्सा विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें