अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामन्वय में हुआ भव्य आयोजन
मुंबई, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामन्वय परिवार द्वारा एक प्रेरणादायक एवं स्वास्थ्यवर्धक योग सत्र का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रहीं श्रीमती नैना देशपांडे, जिन्होंने अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली शैली में योग, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के विविध पहलुओं पर ज्ञानवर्धक मार्गदर्शन प्रदान किया। उपस्थित सदस्यों ने उनके व्याख्यान को अत्यंत “Informative, Educative and Invigorating” बताते हुए सराहा। वरिष्ठ सदस्य श्री किशोर प्रभु ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज का योग सत्र ज्ञान, प्रेरणा और ऊर्जा से भरपूर रहा तथा सभी प्रतिभागियों को इससे विशेष लाभ प्राप्त हुआ।
योगाभ्यास के साथ प्रस्तुत किया गया विशेष योग गीत भी कार्यक्रम का आकर्षण रहा। मधुर संगीत एवं योग संदेश से परिपूर्ण इस गीत ने उपस्थित जनों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया और वातावरण को आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर एमएस कृष्णन, मुकुल शिर्के सहित सैकड़ो लोग उपस्थित हुए
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने श्रीमती नैना देशपांडे के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएंगे।
सामन्वय परिवार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सामुदायिक एकता का सुंदर उदाहरण बनकर सभी के मन में सकारात्मक छाप छोड़ गया। “योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
.. कौशल विनोद पाठक (विशेष

