महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले मुख्य आरोपी फरार? वही हरियाणा एवं बिहार से एक – एक आरोपी गिरफ्तार!
भिवंडी। महाराष्ट्र में 28 जून 2026 को होने वाली टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) ) का पेपर लीक हो गया है। ऐसे में महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है। कुछ दिन पहले नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से पूरे देश में हड़कंप मच गया था और उस घटना के मुख्य आरोपी महाराष्ट्र से ही निकले थे। अब टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट का पेपर लीक होने के बाद महाराष्ट्र में फिर से हलचल मच गई है। इस घटना ने देश भर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल महाराष्ट्र टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट एक राज्य-स्तरीय परीक्षा है जो कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने के पदों के लिए उम्मीदवारों की योग्यता तय करने के लिए आयोजित की जाती है।
भिवंडी पुलिस ने TET पेपर लीक के बारे में जानकारी देने के लिए तुरंत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पुलिस ने बताया कि TET पेपर लीक के सिलसिले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाशी के दौरान हमें रविवार की परीक्षा के प्रश्न पत्र मिले और हमने उन्हें जब्त कर लिया है। हमने जाल बिछाकर उन आरोपियों को पकड़ा जो पेपर बेचने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने 1.5 करोड़ रुपये की मांग की थी और एडवांस पेमेंट मांगा था। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई है। डीसीपी पवन बंसोड़ जांच टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। टीम में कुल 20 सदस्य हैं, जिनमें दो ACP, नौ अधिकारी (PI और API) और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच चल रही है और आगे की पूछताछ के लिए टीमों को अलग-अलग जगहों पर भेजा गया है। मामले की गहन जांच की जाएगी। भिवंडी पुलिस ने कहा है कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आगे बताया कि हमें जानकारी मिली है कि ये पेपर दूसरी जगहों पर भी बेचे गए थे। इसलिए मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आएगी। सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच चल रही है। हम पता लगा रहे हैं कि इस मामले में कौन-कौन शामिल है और पेपर कहां बेचे गए थे। हालांकि, मुख्य आरोपी अभी तक फरार है। अभी हमारे पास तीन आरोपी हिरासत में हैं। एक हरियाणा से है और दो बिहार से हैं। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच से पता चला है कि वे सभी दिल्ली से आए थे। लेकिन उन्हें पेपर कहां से मिले? उन्होंने उन्हें कैसे हासिल किया? हम इन पहलुओं की जांच कर रहे हैं। आरोपियों के पास से कल होने वाले TET पेपर की चार अलग-अलग कॉपियां मिलीं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान राजीव श्रीप्रयाग शॉ (45), आकाश कुमार स्वराज कुमार (30) और धीरज बलराज सिंह (28) के तौर पर की है।

