नाजिया इलाही खान के खिलाफ FIR की मांग? धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप!
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को प्रार्थना पत्र सौंपकर नाजिया इलाही खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि नाजिया इलाही खान की टिप्पणियां धार्मिक वैमनस्य फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली हैं। उनका कहना है कि इस तरह के बयान समाज में विभिन्न समुदायों के बीच तनाव पैदा कर सकते हैं ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 299, 196 और 353 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाने को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं तथा निष्पक्ष जांच के बाद यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि यदि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कानून के दायरे में रहकर न्याय की मांग करना तथा समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना है।

