34.7 C
Uttar Pradesh
Wednesday, July 15, 2026

45 मिनट में लखनऊ से कानपुर! 63 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का लोकार्पण?

45 मिनट में लखनऊ से कानपुर! 63 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का लोकार्पण?

उन्नाव। लखनऊ वाया उन्नाव-कानपुर के बीच लगभग 20 साल पुरानी सुगम सफर की आस सोमवार को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण संग पूरी हो गई। इससे लखनऊ, कानपुर, उन्नाव व रायबरेली चारों जिलों की तरक्की को रफ्तार मिलने की राह खुल गई। 4200 करोड़ रुपये से निर्मित 63 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का 18 किमी भाग एलीवेटेड है व उन्नाव में 45 किमी हिस्सा है, जो इसका मुख्य हब बनेगा। इसपर कार-जीप का एक तरफ का 275 रुपये टोल थोड़ा महंगा जरूर है, लेकिन 95 रुपये टोल वाले कानपुर-लखनऊ हाईवे से गुजरने पर जाम, धीमी गति से बच सकेंगे। इसी तरह लखनऊ व कानपुर छोर पर एक्सप्रेसवे पर चढ़ने से पहले के अतिक्रमण व जाम की समस्या को ठीक करना होगा पर वर्तमान में छह लेन व भविष्य में आठ लेन तक विस्तार योग्य यह एक्सप्रेसवे प्रदेश में सबसे आधुनिक व हाईस्पीड सड़क परियोजना के नए युग का सूत्रपात है। मंगलवार सुबह से इस पर वाहन दौड़ने लगेंगे।

लाल फीते की गांठ खोलकर किया लोकार्पण
लखनऊ के शहीद पथ से उन्नाव के कडेर पतारी गांव को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे का लोकार्पण पड़री खुर्द ग्राम पंचायत के मजरा झाऊखेड़ा में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 49.3 किमी के पास दोपहर बाद 3:37 बजे लाल फीते की गांठ खोलकर किया।

भविष्य में आने वाली समृद्धि का संकेत
तकरीबन 150 मीटर तक चारों लोग पैदल चले और हाथ जोड़कर विजयी चिह्न बनाया तो लगा जैसे इस सुगम सफर से भविष्य में आने वाली समृद्धि का संकेत दे रहे। इससे पहले वायुसेना के एक ही हेलीकाप्टर से भी लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचे व सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर महज 10 मिनट बाद अपने वाहनों व फ्लीट से लखनऊ रवाना हो गए। इससे अपने नेताओं को सुनने आई जनता थोड़ी मायूस हुई।

बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेसवे से सिमटी दूरी
बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रदेश की राजधानी लखनऊ व औद्योगिक नगरी कानपुर के बीच की दूरी सिमट गई है, जबकि उन्नाव भी विकास के एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा। इससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे के साथ विकास को गति मिलेगी। लखनऊ से कानपुर के बीच का सफर इसके माध्यम से 45 मिनट में पूरा होने का दावा है।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें