मतदाता सूची की शुद्धता ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार ..
कौशल पाठक की बीएलओ राहुल कांबले से विशेष भेंट
मुंबई। लोकतंत्र की सफलता निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर निर्भर करती है, और इस व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) होते हैं। इसी उद्देश्य से वरिष्ठ पत्रकार कौशल विनोद पाठक ने मालाड (पूर्व) के तानाजी नगर स्थित मतदाता सूची भाग क्रमांक 117 के बूथ लेवल ऑफिसर राहुल सुनील कांबले से विशेष भेंट कर उनके कार्यों, जिम्मेदारियों एवं मतदाता जागरूकता अभियान पर विस्तार से चर्चा की। राहुल कांबले, जो चैतन्य तेलुगु हाईस्कूल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं, वर्तमान में भाग क्रमांक 117 के बीएलओ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके मतदान केंद्र की मतदाता सूची में कुल 1,275 मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि बीएलओ का मुख्य दायित्व मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखना, नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण करना, मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन करना, घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करना तथा भारत निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं ईमानदारी से पालन करना है।
विशेष बातचीत के दौरान राहुल कांबले ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से ही मतदाता सूची अधिक सटीक, विश्वसनीय और पारदर्शी बन सकती है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर अपने मतदाता विवरण की जांच कराने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में तत्काल सुधार करवाने की अपील की।
पाठक ने कहा कि बीएलओ लोकतंत्र के ऐसे कर्मयोगी हैं जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। मतदाता सूची की शुद्धता ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है और राहुल कांबले जैसे समर्पित अधिकारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। यह विशेष भेंट लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति सजग करने की दिशा में एक सार्थक पहल मानी जा रही है।
.. विशेष रिपोर्ट : कौशल विनोद पाठक

