मिथुनदा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना, लिलुआ में हनिथ मनोहर शर्मा ने कराया भंडारा !
सफल सर्जरी के बाद प्रशंसकों में खुशी, पूजा-प्रार्थना के साथ प्रसाद वितरण ..
लिलुआ। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर लिलुआ में हनिथ मनोहर शर्मा की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। मिथुन दा की सफल सर्जरी की खबर के बाद उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने राहत व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके जल्द पूर्ण स्वस्थ होने और दीर्घायु की प्रार्थना की। भंडारे में श्रद्धा और सेवा का भाव देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और मिथुन चक्रवर्ती के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। आयोजक हनिथ मनोहर शर्मा ने कहा कि मिथुन दा ने दशकों तक अपने अभिनय, संघर्ष और सादगी से करोड़ों लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए आयोजित यह भंडारा उनके प्रति प्रेम और सम्मान की अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में एडवोकेट विनोद पाठक और मधुकर मागेला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए मिथुन दा के शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः अपने प्रशंसकों के बीच सक्रिय होने की कामना की। इस अवसर पर धर्मेंद्र पोद्दार, हरेंद्र पोद्दार, विक्की यादव, शिवाजी शॉ, रोहित भुइया, रवि मलिक, आकाश भुइया, जितेंद्र रजक, सुजल बाल्मीकि और अजय भुइया सहित अनेक शुभचिंतकों ने उपस्थित होकर भंडारे में सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कहा कि कलाकार और प्रशंसक का रिश्ता केवल पर्दे तक सीमित नहीं रहता। जब कोई प्रिय कलाकार कठिन समय से गुजरता है, तो उसके प्रशंसकों की प्रार्थनाएं और स्नेह उस गहरे भावनात्मक रिश्ते को सामने लाते हैं। लिलुआ में आयोजित यह भंडारा भी इसी आत्मीयता का उदाहरण बना। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की – मिथुन दा शीघ्र स्वस्थ हों, दीर्घायु हों और अपनी ऊर्जा एवं मुस्कान के साथ फिर से अपने चाहने वालों के बीच लौटें।
.. कौशल विनोद पाठक – विशेष रिपोर्ट

