29.3 C
Uttar Pradesh
Saturday, August 15, 2026

NEET छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा की पहल, अमित शाह ने विपक्ष से मांगा सहयोग

NEET छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा की पहल, अमित शाह ने विपक्ष से मांगा सहयोग?

नई दिल्ली। NEET परीक्षा और छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दे पर संसद में चर्चा को लेकर सरकार ने विपक्ष के साथ संवाद की पहल की है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भेजकर आग्रह किया है कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा कर इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन में सकारात्मक वातावरण में विचार-विमर्श का अवसर दिया जाए। 12 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र में अमित शाह ने उल्लेख किया कि संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सरकार की ओर से संसद में NEET परीक्षा पर छात्र आंदोलन के विषय पर चर्चा के लिए सहमति व्यक्त की है। पत्र में यह भी कहा गया है कि विपक्ष के आग्रह पर संसद के वर्तमान सत्र में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा हो चुकी है। हालांकि उस चर्चा के दौरान विपक्ष के किसी भी सदस्य ने NEET परीक्षा से संबंधित विषय पर सदन में विचार व्यक्त नहीं किया। इसके बावजूद सरकार इस मुद्दे पर पुनः चर्चा के लिए तैयार है। अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि विपक्ष द्वारा उचित समझे जाने वाले समय में सदन में उपस्थित रहकर इस विषय पर चर्चा में भाग लेने का अवसर दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए भी तैयार हैं।

पत्र में लोकतांत्रिक संवाद की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा गया है कि लोकतंत्र में चर्चा और संवाद के माध्यम से ही समाधान निकलता है। अमित शाह ने लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अपना अटूट विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि संसद चर्चा और संवाद के लिए ही है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा कर इस महत्वपूर्ण विषय पर ऐसा सकारात्मक वातावरण बनाया जाए, जिसमें पक्ष और विपक्ष के सभी सांसद अपने बहुमूल्य मत एवं विचार सदन के समक्ष रख सकें।

छात्रों के मुद्दे पर सरकार का संवाद का संदेश
अमित शाह के इस पत्र को NEET परीक्षा से जुड़े छात्रों की चिंताओं और विपक्ष की मांगों के बीच सरकार की ओर से संसदीय संवाद का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि विपक्ष इस पहल पर क्या रुख अपनाता है और संसद में NEET से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा किस रूप में आगे बढ़ती है।

.. कौशल विनोद पाठक – विशेष संवाददाता

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें