उड़ान भरते समय अकासा विमान से टकराया पक्षी, वापस लौटी फ्लाइट?
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाराणसी से मंगलवार देर रात नवी मुंबई के लिए उड़ान भर रही अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 बर्ड स्ट्राइक की घटना के बाद वापस एयरपोर्ट लौट आई। उड़ान भरने के दौरान विमान से पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अकासा एयर की फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:55 बजे था। विमान ने रात 10 बजे उड़ान भरी, जिसके बाद उड़ान के दौरान बर्ड स्ट्राइक की घटना हुई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस वाराणसी एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया और रात 10:51 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में 182 यात्री और छह क्रू सदस्य समेत कुल 188 लोग सवार थे। विमान के वापस लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों ने इसकी तकनीकी जांच शुरू की। यात्रियों को एयरलाइन्स की ओर से होटल में ठहराया गया और अगले दिन अन्य उड़ानों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हालांकि 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद कर दी।
बर्ड स्ट्राइक के कारण विमान के इंजन में प्रभावित होने की जानकारी मिली। विमान को ठीक करने का प्रयास मुंबई से आई इंजीनियरों की टीम ने बुधवार रात तक जारी रखा। बुधवार को रात 8:30 बजे विमान ठीक होकर क्रू मेंबर्स को लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ। यह वही विमान था जिसमें विमार यात्री के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। इसी कारण विमान दो घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा था और वापसी में बर्ड स्ट्राइक की घटना हो गई।

