29.6 C
Uttar Pradesh
Tuesday, September 8, 2026

बिजली आपरेटर को पीटने व रजिस्टर फाड़ने के आरोप में सिपाही लाइन हाजिर?

बिजली आपरेटर को पीटने व रजिस्टर फाड़ने के आरोप में सिपाही लाइन हाजिर?

जौनपुर। सुरेरी विद्युत उपकेंद्र पर ड्यूटी के दौरान आपरेटर से मारपीट, अभिलेख फाड़ने व मोबाइल फोन तोड़ने के आरोप में रविवार को सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बिजली कर्मियों ने आरोपित सिपाही के निलंबन की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। उपकेंद्र पर तैनात आपरेटर अजय कुमार सिंह ने तहरीर दिया। बताया कि शनिवार रात करीब 10:50 बजे मुख्य आपूर्ति बाधित थी। थाने में तैनात सिपाही संतोष यादव उपकेंद्र पर पहुंचे। बिजली बहाली में दो घंटे का समय लगने की बात कहने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी से पिटाई की। घटना की फोटो खींचने का प्रयास करने पर मोबाइल फोन तोड़ने के साथ ही शिफ्ट व शिकायत रजिस्टर फाड़ दिए गए। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव से जान बची। शिकायतकर्ता ने सिपाही के नशे में होने का भी आरोप लगाया।

घटना से आक्रोशित विद्युत कर्मियों ने रविवार को उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते हुए आरोपित सिपाही के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने व निलंबन की मांग की। अधिकारियों के समझाने पर किसी तरह शांत हुए कर्मचारियों ने प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की गुंडागर्दी से उनमें असुरक्षा का माहौल है। यदि त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। सुरेरी थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों ने आरोपित सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। पीड़ित आपरेटर की तहरीर मिली है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें