हावड़ा में विघ्नहर्ता फाउंडेशन ने मचाई धूम
भक्ति में डूबा हावड़ा, शर्मा के नेतृत्व में गणेश महोत्सव ने बिखेरी आस्था और एकता की रोशनी
श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनूठा संगम बना गणेश महोत्सव..
हावड़ा। हावड़ा की धरती इन दिनों “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठी। विघ्नहर्ता फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित गणेश महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का ऐसा अद्भुत वातावरण बनाया कि श्रद्धालु भक्ति के रंग में पूरी तरह रंगे नजर आए। महोत्सव की सफलता में विघ्नहर्ता फाउंडेशन के संयोजक हनीथ एम. शर्मा की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उनके नेतृत्व में आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय वातावरण तैयार किया। गणेश भगवान की भव्य स्थापना के साथ पूजा-अर्चना, आरती और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
हर चेहरे पर दिखी बप्पा की भक्ति
गणेश महोत्सव में बच्चे, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित बप्पा के दर्शन किए और सुख-शांति, समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। आरती के समय उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश
विघ्नहर्ता फाउंडेशन ने इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश भी दिया। विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता ने गणेश महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन न बनाकर सामाजिक मिलन का उत्सव बना दिया। संयोजक हनीथ एम. शर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गणेश महोत्सव का मूल उद्देश्य भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ समाज को एकजुट करना और भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
“जहां आस्था है, वहां बप्पा का आशीर्वाद है”
महोत्सव के दौरान गूंजते गणपति बप्पा के जयकारों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह इस बात का प्रमाण था कि विघ्नहर्ता फाउंडेशन का यह आयोजन लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना चुका है। गणेश महोत्सव ने हावड़ा में यह संदेश दिया कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और मानवता को मजबूत करने की शक्ति भी है।
गणपति बप्पा मोरया! अगले बरस तू जल्दी आ!
.. कौशल विनोद पाठक – विशेष रिपोर्ट
फोटो कैप्शन : हावड़ा में विघ्नहर्ता फाउंडेशन के गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के साथ संयोजक हनीथ शर्मा।

