गोमती नगर में दिनदहाड़े बैंककर्मी की हत्या से सनसनी?
पति ने बैंक के बाहर पत्नी को गोली मारी, फिर बहन की हत्या कर खुद दी जान ..
लखनऊ। गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा (33) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बैंककर्मियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले दिव्या अपने एक क्लाइंट से मिलने के लिए बैंक से बाहर गई थीं। इसी दौरान उनके पति मानस बाजपेयी (35) बैंक के पास कथित तौर पर पहले से मौजूद थे। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दिव्या गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और बैंककर्मी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
बहन की भी गोली मारकर हत्या
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराये के मकान पर पहुंचा। वहां उसने अपनी 28 वर्षीय बहन शीबा को भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया गया है कि शीबा मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। मानस के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। एक ही घटनाक्रम में पत्नी, बहन और आरोपी की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
जांच में सामने आएंगे हत्या के कारण
दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या विवाद था, जिसके चलते मानस ने इतना खौफनाक कदम उठाया। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।
फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात ने गोमती नगर के बैंककर्मियों, ग्राहकों और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
.. कौशल विनोद पाठक – विशेष संवाददाता

