32.2 C
Uttar Pradesh
Saturday, June 13, 2026

25 शादियां, 25 शिकार – पकड़ा गया महाठग दूल्हा?

25 शादियां, 25 शिकार – पकड़ा गया महाठग दूल्हा?

   ठाणे। महाराष्ट्र पुलिस ने एक बड़े वैवाहिक धोखाधड़ी मामले में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से अनुजकुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने फर्जी पहचान और छद्म नामों का इस्तेमाल कर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए 25 से अधिक महिलाओं, जिनमें शारीरिक रूप से विकलांग, तलाकशुदा और असहाय महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी की। मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप दोइफोडे ने बताया कि आरोपी 24 मई को गिरफ्तार किया गया। वह फर्जी पहचान के तहत ग्रेटर नोएडा में छिपा हुआ था।

   पुलिस के अनुसार त्रिवेदी अजय अग्रवाल, अजय संतोष सिंह और जयप्रकाश रमेशचंद गुप्ता समेत कई नामों का इस्तेमाल करता था। वह मुख्य रूप से मानसिक रूप से कमजोर, विकलांग और तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाकर सहानुभूति जताता और उनके साथ शादी का झांसा देकर पैसे ऐंठता था। मामले की शुरुआत 4 मार्च 2022 को ठाणे जिले के नयानगर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत से हुई। 75 वर्षीय एक महिला ने शिकायत की कि आरोपी ने अजय अग्रवाल बनकर अखबार के वैवाहिक स्तंभ में प्रकाशित विज्ञापन का जवाब दिया और 1 मार्च 2019 को उनकी 45 वर्षीय बेटी से शादी कर ली। शादी के बाद आरोपी ने महिला और उसकी बेटी को मीरा रोड का फ्लैट बेचने के लिए मजबूर किया। उसने लखनऊ में नया फ्लैट खरीदने और दो मंजिला घर बनाने का लालच दिया। इस बीच उसने किश्तों में कुल 82 लाख रुपये नकद ले लिए।

   22 फरवरी 2022 को आरोपी ने रिश्तेदार की शादी का बहाना बनाकर पीड़िता को दिल्ली ले जाकर रेलवे स्टेशन पर 33 तोला सोने के आभूषण चुरा लिए। इसके बाद उसने महिला को मुंबई जाने वाली ट्रेन में जबरन बिठाया, अपना फोन स्विच ऑफ किया और फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त दोइफोडे ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता और उसकी बेटी से कुल 97 लाख रुपये का गबन किया है। धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के मामले दर्ज किए गए हैं।

   जांच में पता चला कि ठगी के पैसे से आरोपी ने 20 लाख रुपये की लग्जरी कार खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी का बेटा भी इन गतिविधियों में उसकी मदद कर रहा था और उसे सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ‘जयप्रकाश गुप्ता’ नाम का फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। त्रिवेदी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि त्रिवेदी अमरावती (महाराष्ट्र) में एक अन्य मामले में वांछित था, जहां उसने अजय संतोष सिंह नाम से एक महिला से 25 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी द्वारा ठगे गए अन्य पीड़ितों और उनके परिवारों से अपील की है कि वे आगे आएं और नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें