35.9 C
Uttar Pradesh
Monday, July 6, 2026

पुणे में भूस्खलन से 3 की मौत, नवी मुंबई दो लोग डूबे – पुणे में रेड अलर्ट जारी?

पुणे में भूस्खलन से 3 की मौत, नवी मुंबई दो लोग डूबे; पुणे में रेड अलर्ट जारी?

मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन कर बरसी है। देरी से आए इस मानसून ने आर्थिक राजधानी मुंबई में लोगों की परेशानियों को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। इसी बीच पुणे जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आने से कई मकान मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इस भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसके बाद प्रशासन को इन मुख्य रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान नंदू टिकोने (60 वर्ष), माउली टिकोने (30 वर्ष) और अनीता टिकोने (55 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुणे से एनडीआरएफ (NDRF) की 30 सदस्यीय टीम को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। टीम ने अब तक शवों को बरामद कर लिया है और मलबा हटाने का काम जारी है। लोनावला डिवीजन के डिप्टी एसपी गजानन तोमपे ने बताया कि इस सुदूर गांव में भारी बारिश के कारण तीन जगहों पर भूस्खलन हुआ है। दूसरी ओर रविवार को नवी मुंबई के पनवेल स्थित गदेश्वर परिसर में पानी में उतरने के बाद लोगों की डूबने से मौत गई है। जानकारी के अनुसार माथेरान की पहाड़ियों में भारी बारिश के चलते पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। इसके साथ ही जल स्तर भी बढ़ गया था। ऐसे में उन्हें लाठी से बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बचाव अभियान के तहत अभी तक एक व्यक्ति का शव बरामद किया जा चुका है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। बता दें कि इस भूस्खलन का बड़ा असर दोनों शहरों को जोड़ने वाली लाइफलाइन पर पड़ा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि भारी बारिश के कारण लगभग 100 टन मलबा अचानक मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आ गिरा।

दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। जलभराव और पटरियों पर छोटे-मोटे भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा बीएमसी (BMC) ने चेतावनी दी है कि सोमवार शाम को समुद्र में 4.08 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, साथ ही 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें