जौनपुर रोडवेज डिपो का 53 करोड़ से होगा कायाकल्प!
जौनपुर। लंबे समय से जीर्णोद्धार की बाट जोह रहे रोडवेज डिपो के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने करीब 53 करोड़ रुपये की लागत से डिपो के व्यापक जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण को मंजूरी दे दी है। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। वर्तमान में डिपो के भवन और अन्य आधारभूत संरचनाएं काफी जर्जर हो चुकी हैं। यात्री सुविधाओं के अभाव और पुराने भवनों के कारण कर्मचारियों व यात्रियों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। डिपो से प्रतिदिन 22 बसों का संचालन होता है, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और परिवहन कर्मियों द्वारा पिछले एक दशक से डिपो के जीर्णोद्धार की मांग लगातार उठाई जा रही थी।
प्रस्तावित परियोजना के तहत 12899 वर्ग फीट में यात्री प्रतीक्षालय, प्रशासनिक भवन, बस पार्किंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। डिपो इंचार्ज शशि शुक्ला ने बताया कि शासन से मंजूरी मिल गई है 53 करोड़ रुपये स्वीकृति हो गए हैं। बारिश का मौसम बीतने के बाद निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। जीर्णोद्धार के बाद यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। और डिपो की कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

