भट्ठा कारोबारी हिस्ट्रीशीटर और भतीजे को मारी गोली, प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर?
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार को करीब साढ़े आठ बजे रात थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने कार को ओवरटेक कर ईंट-भट्ठा कारोबारी हिस्ट्रीशीटर विपिन यादव (32) व उसके 16 वर्षीय भतीजे अंश को गोली मार दी। गोली विपिन के सीने और अंश के घुटने में लगी। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। बबरखा गांव निवासी विपिन बुधवार की रात अपने साथियों और भतीजे अंश के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से जौनपुर की ओर जा रहे थे।
करंजाकला बाजार में दुर्गा माता मंदिर के पास थार और स्कार्पियो सवार हमलावरों ने पीछा करते हुए ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। विपिन कुछ समझ पाता इससे पहले हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। चार राउंड गोली चली। वारदात को अंजाम देने के बाद थार सवार हमलावर जौनपुर की ओर और स्कार्पियो सवार हमलावर मल्हनी बाजार की तरफ भाग निकले। सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की छह टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

