19.7 C
Uttar Pradesh
Monday, November 17, 2025

सपा सांसद पर हमले के बाद आग बबूला हुए अखिलेश?

सपा सांसद पर हमले के बाद आग बबूला हुए अखिलेश?

      लखनऊ, राणा सांगा के खिलाफ विवादित बयान देने वाले समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमला हुआ। सपा सांसद रामजीलाल सुमन दलित पीड़ितों से मिलने बुलंदशहर जा रहे थे, तभी गभाना टोल प्लाजा के पास उनके काफिले पर हमला हो गया। काफिले की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई है। उधर सपा सांसद पर हुए हमले की घटना पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जोरदार हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि ये एक आपराधिक कृत्य है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि एक दिन भाजपाई और उनके संगी-साथी भी ऐसे हिंसक तत्वों का शिकार होंगे।

     सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सांसद रामजी लाल सुमन पर जानलेवा हमले की निंदा की है। अखिलेश ने कहा कि रामजी लाल सुमन के काफिले पर टायर और पत्थर फेंककर उनके ऊपर जो जानलेवा हमला हुआ है वो उस ऐक्सीडेंट का कारण बना है, जो प्राणांतक दुर्घटना में भी बदल सकता था। ये एक आपराधिक कृत्य है। सपा मुखिया ने कहा कि इतने टायर एक साथ इकट्ठा करना एक गहरी साजिश का सबूत है। ये एक बार फिर इंटेलिजेंस की गहरी चूक है या फिर जानबूझकर की गई अनदेखी है। साथ ही कहा कि अगर शासन-प्रशासन ये सब जानते हुए भी अंजान बनने की कोशिश कर रहा है तो वो ये जान ले कि अराजकता किसी को भी नहीं बख्शती है। एक दिन भाजपाई और उनके संगी-साथी भी ऐसे हिंसक तत्वों का शिकार होंगे।

     पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश में एक सांसद के ऊपर हुए जानलेवा हमले का संज्ञान लेना वाला कोई है या फिर पीडीए का सांसद होने के कारण वर्चस्ववादियों की सरकार शर्मनाक चुप्पी साधकर भूमिगत हो जाएगी। साथ ही अखिलेश ने कहा कि अब क्या बुलडोजर का दम बेदम हो गया है या यूपी की सरकार ने अराजकता के आगे समर्पण कर दिया है या फिर ये सब यूपी सरकार की रजामंदी से हो रहा है। वहीं सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने हमले के बाद कहा कि ये टोल है और हमें पुलिस प्रशासन ने रोक दिया है। मामला बहुत गंभीर है। वहीं अलीगढ़ एडिशनल एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि इस मामले में गभाना थाने पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें