अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का आज अंतिम संस्कार, लखनऊ में हुआ था निधन?
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार से जुड़ा एक दुखद समाचार सामने आया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह 38 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के सिविल अस्पताल में आखिरी सांस ली। KGMU में प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम चार डॉक्टरों के विशेष पैनल ने किया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम और एक एसडीएम स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी की गई। प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के समर्थकों में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ही अपर्णा यादव के आवास पर पहुंचकर प्रतीक यादव को अंतिम श्रद्धांजलि दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जमने की वजह से कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिससे मौत हुई। आगे की जांच के लिए दिल और फेफड़ों से जुड़े कुछ नमूनों को सुरक्षित रखा है। इसके अलावा शरीर के कुछ अंगों (विसरा) को भी रासायनिक जांच के लिए संरक्षित कर पुलिस को सौंपा गया है। प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में छह और सिर में पांच चोट के निशान पाए गए हैं। इनमें तीन निशान छह-सात दिन पुराने, जबकि तीन चोट करीब एक दिन पहले के थे। हालांकि रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट से निधन की बात कही गई थी।

