अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती
देशभर के श्रद्धालुओं में चिंता, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थनाओं का दौर
लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संतों में से एक महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत एक बार फिर अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर के संत समाज, रामभक्तों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के कारण उन्हें तत्काल अयोध्या से लखनऊ ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। अस्पताल प्रशासन लगातार उनकी चिकित्सकीय जांच कर रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। महंत नृत्य गोपाल दास लंबे समय से श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए दशकों तक चले आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राम मंदिर निर्माण के बाद भी वे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में मंदिर से जुड़े विभिन्न धार्मिक एवं प्रशासनिक कार्यों का मार्गदर्शन करते रहे हैं।
उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही देशभर के संत-महात्माओं, धार्मिक संगठनों और लाखों श्रद्धालुओं ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। अनेक मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं महामृत्युंजय मंत्र के जाप आयोजित किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी श्रद्धालु उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र के अनेक प्रमुख व्यक्तित्वों ने भी चिंता व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है। अयोध्या में भी संत समाज लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त कर रहा है।
महंत नृत्य गोपाल दास केवल एक धार्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास के प्रतीक माने जाते हैं। उनका आध्यात्मिक नेतृत्व और सामाजिक योगदान भारतीय धार्मिक परंपरा में विशेष स्थान रखता है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर में स्वाभाविक रूप से चिंता देखी जा रही है। रामभक्तों की एक ही प्रार्थना है कि प्रभु श्रीराम की कृपा से महंत नृत्य गोपाल दास शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः अपने आध्यात्मिक एवं धार्मिक दायित्वों का निर्वहन करें।
.. कौशल विनोद पाठक – विशेष संवाददाता

