भावेश दोषी बने उत्तर मुंबई जिला जैन सेल के प्रथम अध्यक्ष, संगठन को मिलेगी नई दिशा..
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भावेश चंदूलाल दोषी-जैन को उत्तर मुंबई जिला जैन सेल का प्रथम अध्यक्ष (First President) तथा मुंबई जैन सेल का कन्वेयर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को उत्तर मुंबई के जैन समाज और भाजपा संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। भावेश दोषी लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वे श्री महावीर क्लीनिक के ट्रस्टी तथा संस्कार सोशल ग्रुप, मलाड के संस्थापक ट्रस्टी हैं। विभिन्न सामाजिक अभियानों, स्वास्थ्य शिविरों तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका ने उन्हें समाज में एक अलग पहचान दिलाई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर मुंबई में जैन समाज के बीच भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने में उनकी नियुक्ति प्रभावी सिद्ध हो सकती है। समाज के विभिन्न वर्गों के साथ उनके मधुर संबंध और सेवा कार्यों का अनुभव संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। नियुक्ति के बाद भावेश दोषी ने सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका संकल्प “राष्ट्र प्रथम, फिर पार्टी, आखिर हम” के मूल मंत्र के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा समाज सेवा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान और जनता की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अपने संदेश में सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा सहयोग हमेशा आपके साथ रहेगा… आप अपना ख्याल रखिएगा।” साथ ही उन्होंने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्तर मुंबई के सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि भावेश दोषी के नेतृत्व में भाजपा जैन सेल संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा समाज और राष्ट्रहित के कार्यों को नई गति मिलेगी। यह नियुक्ति केवल एक संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि समाज सेवा, संगठन निर्माण और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक भी मानी जा रही है।
विश्लेषण : कौशल विनोद पाठक

