32.7 C
Uttar Pradesh
Friday, July 17, 2026

महाराष्ट्र शासन का बड़ा निर्णय – राज्यभर में सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी स्व. पवार की जयंती

महाराष्ट्र शासन का बड़ा निर्णय – राज्यभर में सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी स्व. अजित पवार की जयंती ..
 सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभागों में प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर दी जाएगी श्रद्धांजलि!

मुंबई, 15 जुलाई। महाराष्ट्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने एक महत्वपूर्ण शासन परिपत्र जारी करते हुए वर्ष 2026 से स्वर्गीय अजित अनंतराव पवार की जयंती को राज्य स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। 15 जुलाई 2026 को जारी इस परिपत्र के अनुसार प्रत्येक वर्ष 22 जुलाई को राज्य के सभी शासकीय एवं निमशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य संबंधित कार्यालयों में उनकी प्रतिमा अथवा चित्र पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रपुरुषों एवं महान व्यक्तियों की जयंती तथा राष्ट्रीय दिवस मनाने की सूची में स्वर्गीय अजित अनंतराव पवार की जयंती को भी सम्मिलित किया गया है। इसके अंतर्गत 22 जुलाई (बुधवार) को सभी संबंधित कार्यालयों में सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन ने सभी विभागीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में इस परिपत्र का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। यह निर्देश राज्य के सभी सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालयों के साथ-साथ महाविद्यालयों एवं विद्यालयों पर भी लागू होंगे।

गौरतलब है कि स्वर्गीय अजित पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए राज्य के प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, सिंचाई, कृषि तथा विकास योजनाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके सार्वजनिक जीवन एवं सेवाओं के सम्मान में महाराष्ट्र सरकार ने उनकी जयंती को आधिकारिक रूप से मनाने का निर्णय लिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्णय स्वर्गीय अजित पवार के सार्वजनिक योगदान को संस्थागत सम्मान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके प्रशासनिक कार्यों एवं जनसेवा से परिचित कराने का अवसर मिलेगा।
.. कौशल विनोद पाठक – विशेष संवाददाता

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें