स्मार्ट बिजली मीटर के उपभोक्ता बिल का न करें इंतजार – मोबाइल नंबर कराएं रजिस्टर्ड
प्रयागराज। जिले में बड़ी संख्या में बिजली के स्मार्ट मीटर लगे हैं। इसमें करीब 60 हजार ऐसे उपभोक्ता भी शामिल हैं, जिनका मीटर प्रीपेड से पोस्टपेड कर दिया गया है। इनमें से आठ हजार से अधिक उपभोक्ताओं का जून माह का बिजली बिल नहीं आया है। जबकि विभाग ने जून से व्यवस्था लागू की थी कि प्रत्येक माह की 15 तारीख को स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली बिल उपलब्ध कराया जाएगा। बिल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस व वाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा।
हालांकि जिले के उपकेंद्रों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंच रहे हैं, जिनको मई का बिजली का बिल नहीं मिला है। पता चला कि इन सभी ने अपने मोबाइल नंबर को पंजीकृत ही नहीं कराया है। अधिकारियों ने सभी उपभोक्ताओं से अपने माेबाइल नंबर को पंजीकृत कराने की बात कही है, ताकि बिजली का बिल सही समय पर मिल सके। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की प्रक्रिया इधर कुछ समय पहले काफी तेजी से चली। इसे प्रीपेड किया गया, लेकिन काफी विरोध के बाद इसे पोस्टपेड कर दिया गया। हालांकि 15 जून के बाद उपभोक्ताओं की नई शिकायत सामने आ रही है। उपकेंद्रों पर पहुंचकर उपभोक्ता बता रहे हैं कि उन्हें अभी तक बिजली का बिल नहीं मिला है।
अधीक्षण अभियंता कृष्ण कुमार सारस्वत का कहना है कि उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर वेबसाइट www.uppcl.org पर लागिन करके, 1912 पर फोन करके या कार्यालय में जाकर रजिस्टर्ड करवा सकते हैं। भुगतान की देय तिथि बिल की तिथि से 15 दिन तक होगी। उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट uppcl.org, UPPCL Smart App, विभागीय कार्यालय, फिनटेक एजेंट, जनसेवा केंद्र, विद्युत सखी व अन्य यूपीआइ के माध्यम से बिल जमा कर सकते हैं।

