34.4 C
Uttar Pradesh
Sunday, July 26, 2026

अधिवक्ता हितों की रक्षा हेतु मुख्यमंत्री से ₹5 लाख अनुग्रह सहायता की मांग?

अधिवक्ता हितों की रक्षा हेतु मुख्यमंत्री से ₹5 लाख अनुग्रह सहायता की मांग?
स्वर्गीय अधिवक्ता कुशवाहा को भावभीनी श्रद्धांजलि, महाराष्ट्र में अधिवक्ता कल्याण योजना लागू करने की अपील..

मुंबई। बांद्रा बार एसोसिएशन के लाइफ मेंबर स्वर्गीय अधिवक्ता बिनोद कुशवाहा के आकस्मिक निधन से संपूर्ण अधिवक्ता समाज शोक की लहर में डूब गया है। उनके निधन को विधि जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट वी. एल. पाठक ने महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर दिवंगत अधिवक्ता के परिवार को तत्काल ₹5,00,000 की अनुग्रह आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। एडवोकेट वी. एल. पाठक ने अपने पत्र में कहा है कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। वे समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करते हैं। ऐसे में यदि किसी अधिवक्ता का असामयिक निधन हो जाता है, तो उसके परिवार को आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए राज्य सरकार का यह नैतिक दायित्व है कि वह अधिवक्ताओं के आश्रित परिवारों को सम्मानजनक सहायता उपलब्ध कराए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी अधिवक्ताओं की मृत्यु होने पर उनके आश्रित परिवार को न्यूनतम ₹5,00,000 की अनुग्रह सहायता प्रदान करने की स्थायी योजना तत्काल लागू की जाए तथा इस संबंध में आवश्यक शासनादेश जारी किया जाए। एडवोकेट पाठक ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार अधिवक्ताओं के कल्याण एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मानवीय और जनहितकारी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। अंत में उन्होंने स्वर्गीय अधिवक्ता बिनोद कुशवाहा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
.. कौशल विनोद पाठक

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें