दिल दहला देने वाली विदाई – आंगन में रखा था इकलौते भाई का शव?
जहानगंज (फर्रुखाबाद)। फर्रुखाबाद की इस शादी ने हर किसी का दिल झकझोर कर रख दिया। शादी वाले घर में बेटी की विदाई से पहले ही चीख पुकार मची थी। आंगन में भाई का शव पड़ा था तो बेहाल बहन को सात फेरे दिलाए जा रहे थे। फर्रुखाबाद के जहानगंज में रविवार रात वैवाहिक समारोह की खुशियां उस वक्त करुण क्रंदन में बदल गईं, जब दुल्हन का इकलौता भाई म्यूजिक सिस्टम का तार सही करते वक्त करंट की चपेट में आ गया। बेटे को करंट से छटपटाते देख मां बचाने दौड़ी तो वह भी झुलस गईं। अन्य महिलाओं ने जब तक डंडे से तार हटाया तब तक युवक की मौत हो गई। सोमवार सुबह गमगीन माहौल में वैवाहिक रस्मों की औपचारिकता पूरी कर भाई की अर्थी उठने से पहले बहन को विदा किया गया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने म्यूजिक सिस्टम बजाने की मांग कर दी। इस पर आनंद का पुत्र सतेंद्र म्यूजिक सिस्टम का कनेक्शन करने लगा। तभी वह करंट की चपेट में आ गया। करंट से छटपटाते सतेंद्र को बचाने के लिए मां शकुंतला दौड़ीं तो वह भी करंट से झुलस गई। चीखपुकार सुनकर अन्य महिलाओं ने डंडे से तार हटाकर दोनों को बचाने का प्रयास किया। तब तक सतेंद्र बेहोश हो गया। रात 1:15 बजे स्वजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर आए। वहां इमरजेंसी में तैनात डा. प्रदीप राजपूत ने सतेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
स्वजन ने बताया कि सोमवार को मैनपुरी से सोनम की बरात आनी थी। रविवार रात मेहंदी कार्यक्रम चल रहा था। 30 वर्षीय सतेंद्र राजपूत चार बहनों सोनम, अनुपम, आकांक्षा और सुरभि के बीच अकेला था। घटना की जानकारी सोनम की ससुराल में दी गई। इस पर मैनपुरी के गांव मेरापुर गुजराती के मजरा रतनपुर बरा से सोनम के होने वाले पति तेज सिंह अपने पिता शिवराज सिंह के साथ नगला चाहर पहुंचे। परिवार के लोगों ने तय किया कि सतेंद्र के अंतिम संस्कार से पहले सोनम को विदा किया जाएगा। उसके बाद सोमवार सुबह सोनम और तेज सिंह के विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। आंगन में एक ओर दोनों के फेरे पड़ रहे थे तो दूसरी ओर भाई का शव रखा था। गमगीन माहौल में शादी कराकर बेटी को विदा किया। इसके बाद सतेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया।

