34 C
Uttar Pradesh
Thursday, May 21, 2026

जाली MBBS डिग्री रैकेट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, फर्जी डॉक्टरों की आशंका?

जाली MBBS डिग्री रैकेट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, फर्जी डॉक्टरों की आशंका?

    जबलपुर। मध्य प्रदेश में फर्जी एमबीबीएस डिग्री के सहारे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में नौकरी करने वाले कथित डॉक्टरों के नेटवर्क का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। दमोह जिले में तीन फर्जी डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क के सरगना को भोपाल से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि प्रदेश में इस रैकेट से जुड़े 50 से अधिक फर्जी डॉक्टर सक्रिय हो सकते हैं। पुलिस ने मामले में भोपाल के कोहेफिजा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी हीरा सिंह कौशल को गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, वही पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था और फर्जी डिग्रियां तैयार कराने से लेकर लोगों को जोड़ने तक की भूमिका निभा रहा था। फिलहाल पुलिस भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, धार, मंडला और जबलपुर सहित कई जिलों में लगातार दबिश दे रही है। अभी तक दमोह, जबलपुर और भोपाल से चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं तीन आरोपित डॉक्टरों को बुधवार को दमोह न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

    जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ कर नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। जांच में सामने आया है कि सबसे पहले मुरैना निवासी अजय मौर्य के लिए कथित तौर पर फर्जी डिग्री तैयार की गई थी। इसके बाद उसके संपर्क में आए अन्य लोगों ने भी इसी नेटवर्क के माध्यम से दस्तावेज तैयार कराए। पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा जीवाजी विश्वविद्यालय और रीवा मेडिकल कॉलेज के नाम से फर्जी डिग्रियां तैयार किए जाने की बात सामने आई है।

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें