वागीश सारस्वत के साहित्य पर पीएचडी शोध : हिंदी साहित्य को मिली नई शोध-दृष्टि ..
पुणे। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि सामने आई है। सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में शोधार्थी अनिल शिवाजी झोल (एम.ए., नेट) ने “वागीश सारस्वत के साहित्य में अभिव्यक्त व्यंग्य : विश्लेषण” विषय पर अपना पीएच.डी. शोध-प्रबंध प्रस्तुत किया है। यह शोध हिंदी साहित्य में व्यंग्य की परंपरा, उसकी सामाजिक प्रासंगिकता तथा वागीश सारस्वत के साहित्यिक योगदान का गहन अध्ययन प्रस्तुत करता है। शोध-प्रबंध का निर्देशन हिंदी विभाग के वरिष्ठ विद्वान प्रो. डॉ. सदानंद भोंसले ने किया है। शोध कार्य विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अनुसंधान केंद्र में सम्पन्न हुआ, जो उच्चस्तरीय हिंदी अनुसंधान के लिए जाना जाता है। शोध का उद्देश्य केवल साहित्यिक समीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यंग्य के माध्यम से समाज, राजनीति, संस्कृति और मानवीय मूल्यों पर लेखक की दृष्टि का समग्र विश्लेषण भी प्रस्तुत करना है। इस शोध में वागीश सारस्वत की रचनाओं में निहित सामाजिक चेतना, व्यवस्था पर तीखा प्रहार, मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति तथा व्यंग्य की साहित्यिक शक्ति का गंभीर अध्ययन किया गया है। यह शोध भविष्य के शोधार्थियों, अध्यापकों और हिंदी साहित्य के विद्यार्थियों के लिए एक महत्त्वपूर्ण संदर्भ सामग्री सिद्ध हो सकता है।
सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में गिना जाता है और हिंदी भाषा एवं साहित्य के विकास में इसकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। यह शोध उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हिंदी साहित्य के गंभीर अध्ययन में एक नई कड़ी जोड़ता है।
साहित्यकारों और शिक्षाविदों का मानना है कि व्यंग्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक विसंगतियों को उजागर करने और जनचेतना को जागृत करने का प्रभावी साहित्यिक उपकरण है। ऐसे में “वागीश सारस्वत के साहित्य में अभिव्यक्त व्यंग्य : विश्लेषण” विषय पर किया गया यह शोध हिंदी आलोचना और शोध-जगत के लिए एक मूल्यवान उपलब्धि माना जा रहा है।
.. कौशल विनोद पाठक – विशेष संवाददाता

