जंतर-मंतर से निकले मार्च को रोका, संसद मार्ग पर जुटे प्रदर्शनकारी, सरकार से बातचीत जारी..
नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बीच रविवार को जंतर-मंतर से संसद की ओर निकाले गए मार्च को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान सांसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई स्थानों पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और जंतर-मंतर से निकले मार्च को तितर-बितर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आंदोलन में शामिल कई युवा अलग-अलग मेट्रो स्टेशनों के रास्ते जंतर-मंतर, संसद मार्ग और संसद भवन के आसपास पहुंचने लगे थे। भीड़ बढ़ने पर सुरक्षा के मद्देनजर कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए, ताकि अतिरिक्त भीड़ संवेदनशील क्षेत्र में न पहुंच सके। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए कई स्थानों पर उन्हें हिरासत में लिया।
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस उपायुक्त कार्यालय ले गई। वहां ले जाते समय उन्होंने कहा कि सरकार के साथ बातचीत चल रही है। उधर सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि जे. आंगमो ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण मार्च पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज तीन बातें सबसे महत्वपूर्ण हैं। पहला, मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे। दूसरा, आंदोलन का फोकस शिक्षा के मुद्दे पर बना रहे। तीसरा, सभी लोग सतर्क रहें और किसी भी उकसावे में न आएं। उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।

