34 C
Uttar Pradesh
Wednesday, September 16, 2026

मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों की उपेक्षा – पाठक

मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों की उपेक्षा ?

अलग कतार न होने से बढ़ा असंतोष, एडवोकेट विनोद पाठक ने उठाई आवाज ..

    मीरा भायंदर, मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग टिकट कतार की व्यवस्था न होने से बुजुर्ग यात्रियों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर एडवोकेट विनोद पाठक ने रेलवे प्रशासन के समक्ष शिकायत पुस्तिका में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट काउंटर पर तत्काल प्रभाव से अलग कतार की व्यवस्था लागू की जाए। एडवोकेट विनोद पाठक ने कहा कि देश में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने की बात की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर रेलवे स्टेशनों पर उनकी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। भीड़भाड़ के कारण कई बुजुर्ग यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर समस्या बनता जा रहा है। उन्होंने भारतीय रेल के रेल मंत्री तथा पश्चिम रेलवे के जनरल मैनेजर से मांग की है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान किया जाए।

      स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं और उनके लिए रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में वरिष्ठ नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक स्तर पर आंदोलन किए जाने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

✍️ ….. विशेष संवाददाता : कौशल विनोद पाठक

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें