शुभेंदु पीए हत्याकांड – बलिया में सीबीआई की छापेमारी, टाइगर की तलाश?
बलिया। शुभेंदु पीए हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आने के बाद सीबीआइ और एसटीएफ की टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे बांसडीह रोड क्षेत्र के श्रीपुर गांव में संयुक्त टीम ने दबिश दी। सूत्रों के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि मामले में फरार चल रहे ज्ञानेंद्र सिंह का करीबी टाइगर क्षेत्र में मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी थी। ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मनु, बांसडीह रोड क्षेत्र निवासी जितेंद्र से 50 हजार रुपये में कार खरीदने के मामले में भी चर्चा में आया था। इसके बाद इसके राजकुमार और नवीन सिंह से भी तार जुड़ गए। जांच एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उधर, फेफना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए नवीन सिंह को न्यायिक प्रक्रिया के बाद मऊ जेल भेज दिया गया है।
ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मनु उर्फ अभिषेक उर्फ मानवेंद्र सिंह का इतिहास खंगालने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। वह एक शातिर और अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और छत्तीसगढ़ में भी दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें तीन राज्यों में हत्या के मुकदमे, छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर, वाराणसी के थाना कैंट और बलिया के बांसडीह रोड थाने में पहले से ही हत्या के मुकदमे दर्ज हैं।
वाराणसी के सिगरा थाने में अमानत में खयानत और बिहार के जहानाबाद थाने में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी वर्ष बांसडीह रोड थाने में उसके खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत भी केस पंजीकृत किया गया है। एसटीएफ का दावा है कि आरोपित के करीबियों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।

