श्वेता मेनन ने रचा इतिहास, 99.8% अंकों से बढ़ाया परिवार और विद्यालय का गौरव
चेन्नई। हार्टफुलनेस इंटरनेशनल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा श्वेता मेनन, जो समाज में सम्मानित “मेनन मामा” की पोती हैं, ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा में मानविकी संकाय में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। श्वेता ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर विद्यालय का अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड बनाया और अपने परिवार, शिक्षकों तथा पूरे विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। श्वेता की इस असाधारण सफलता से विद्यालय में खुशी और गर्व का वातावरण है। शिक्षा जगत के लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और परिवार के संस्कारों का परिणाम है। मेनन परिवार में भी इस सफलता को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखा जा रहा है। विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। विज्ञान संकाय में परमेश्वरा एम ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि रिथिका राचेल प्रविन और सुरभि अय्यर ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के कुल 296 विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में भाग लिया, जिसमें विद्यालय का औसत परिणाम 81.8 प्रतिशत रहा। साथ ही 26 विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। श्वेता मेनन की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
✍️ .... कौशल विनोद पाठक, विशेष रिपोर्ट

