रास्ते में मारी गोली – जन्मदिन पार्टी के बाद घर लौट रहा था युवक?
अमृतसर। जन्मदिन मनाने के बाद दोस्तों के साथ खाना खाने निकले 20 वर्षीय युवक पर बुधवार रात बाइक सवार युवकों ने गोली चला दी। गोली युवक की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोल बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अमृत बुधवार रात दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाने के बाद एक्टिवा पर खाना खाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आए एक्टिवा सवार युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली जांघ में लगने से अमृत सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना से करीब दो घंटे पहले जन्मदिन के दौरान केक काटते समय अमृत के भाई का गली में रहने वाले कुछ युवकों से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। इस दौरान घायल हुआ एक युवक भी बाद में हुए हमले में शामिल होने का आरोप है।
परिजनों का दावा है कि इसी विवाद की रंजिश में अमृत को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल युवक और उसके परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

