गैस सिलिंडर नहीं था, पति ने कहा चूल्हे पर खाना बना लो – महिला ने दे दी जान?
जौनपुर। चूल्हे पर खाना बनाने से नाराज महिला ने सोमवार देर शाम फंदा लगाकर जान दे दी। घर में 10 दिनों से गैस सिलिंडर नहीं था। मामला हुसेनपुर गांव का है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि दंपती के बीच सिलिंडर नहीं मिलने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने फंदा लगा लिया। इस बाबत पुलिस ने कहा कि घटना की तहरीर नहीं मिली है लेकिन, मामले की जांच की जा रही है। पति उदयराज गौड़ ने बताया कि उसके पास कोई कनेक्शन नहीं था। गैस की किल्लत हुई तो मार्च में एक एजेंसी से संपर्क कर सिलिंडर तो ले लिया, लेकिन उसका कागज नहीं मिल सका। इससे दस दिनों से उसे दूसरा सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था। इसे लेकर 25 वर्षीय पत्नी विशाखा गौड़ से रोज किचकिच हो रही थी। पति ने उससे कहा कि जब तक सिलिंडर नहीं मिल रहा है तब तक चूल्हे पर खाना बना लो।
इसी बात से क्षुब्ध होकर विशाखा कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर स्वजन ने दरवाजा खोलवाने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ दिया गया। अंदर महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। पति बाजार में छोला-फुलकी का ठेला लगाता है। आगे तहरीर के हिसाब से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दो बच्चों के सिर से छिन गया मां का साया विशाखा का विवाह पांच वर्ष पहले उदयराज के साथ हुआ था। दोनों बच्चे भी काफी छोटे हैं। एक की उम्र तीन तो दूसरा महज डेढ़ साल का है।

