33.9 C
Uttar Pradesh
Tuesday, July 14, 2026

अधिवक्ताओं की वर्षों पुरानी मांग को मिली नई दिशा ..

एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट–2026 के प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री फडणवीस का जताया गया आभार! अधिवक्ताओं की वर्षों पुरानी मांग को मिली नई दिशा

मुंबई। देशभर के अधिवक्ताओं के लिए लंबे समय से उठाई जा रही सुरक्षा संबंधी मांग को महत्वपूर्ण बल मिला है। प्रस्तावित एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट–2026 को लेकर अधिवक्ता समुदाय में सकारात्मक माहौल है। इस प्रस्ताव के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रति अनेक अधिवक्ताओं ने सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट विनोद कुमार लाल जी पाठक ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा केवल किसी एक वर्ग का विषय नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की मजबूती से जुड़ा राष्ट्रीय मुद्दा है। उन्होंने वर्षों से अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने की आवश्यकता पर विभिन्न मंचों के माध्यम से आवाज उठाई है। उनका कहना है कि प्रस्तावित कानून न्यायालयों में कार्यरत अधिवक्ताओं को अधिक सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो सकता है। एडवोकेट पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा संबंधी मांग को नीति स्तर पर गंभीरता से लिया जाना स्वागतयोग्य पहल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि व्यापक विचार-विमर्श के बाद ऐसा कानून लागू होगा जो अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

विधि विशेषज्ञों का मानना है कि देश के अनेक राज्यों से समय-समय पर अधिवक्ताओं पर हमले, धमकी तथा न्यायिक कार्य में बाधा जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला प्रभावी कानून न्यायपालिका में आम नागरिकों के विश्वास को और सुदृढ़ करेगा। कानूनी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों ने भी प्रस्तावित कानून का स्वागत करते हुए कहा है कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना लोकतंत्र और विधि के शासन को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम है। यदि प्रस्तावित एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट–2026 प्रभावी स्वरूप में लागू होता है, तो यह अधिवक्ताओं की सुरक्षा, गरिमा तथा स्वतंत्र रूप से न्यायिक दायित्वों के निर्वहन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जाएगी।

.. कौशल विनोद पाठक – विशेष संवाददाता एवं विधिक विश्लेषक

ताजा खबर
सम्बंधित खबर

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें